ईद मिलादुन्नबी के शांतिपूर्ण आयोजन पर क्षेत्रवासियों का आभार
मुरादाबाद। ईद मिलादुन्नबी के आयोजन को संपन्न हो चुका है। इस अवसर पर भारतीय मोदी आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद आरिफ मियां ने क्षेत्रवासियों का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि त्योहार को जिस अनुशासन, शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया, वह समाज के लिए गर्व की बात है।
सैयद आरिफ मियां ने अपने संदेश में कहा कि “आप सभी क्षेत्रवासियों ने मिलकर त्योहार को सुंदर और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया। प्रशासन का सहयोग करते हुए आपने न सिर्फ धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया, बल्कि एक-दूसरे का ख्याल रखते हुए शांति बनाए रखी। यही असली इंसानियत और नबी पाक के संदेश का पालन है।”
उन्होंने युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित हर वर्ग के लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम और विश्वास को मजबूत करते हैं। साथ ही जरूरतमंदों की सेवा, सफाई अभियान और सहयोग की भावना ने पर्व को और भी सार्थक बना दिया।
भारतीय मोदी आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद आरिफ मियां ने सभी से आग्रह किया कि आने वाले समय में भी इसी तरह एकजुट होकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखें और हर पर्व को प्रेम तथा सद्भावना के साथ मनाएँ।