ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन की बैठक सम्पन्न
संवाददाता – सय्यद आरिफ मियां |
कुंदरकी/मुरादाबाद (ज़दीद न्यूज) । कुंदरकी ब्लॉक में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन की इकाई बैठक बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित की गई। बैठक में पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्री अनिल चौधरी ने क्षेत्रीय डीलरों के हित में कार्य करने के उद्देश्य से कुंदरकी ब्लॉक के लिए उमंग ठाकुर को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया। नियुक्ति की घोषणा होते ही डीलरों ने उमंग ठाकुर का माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और एक-दूसरे का अभिवादन कर खुशी का इज़हार किया। बैठक में उपस्थित सभी राशन डीलरों ने संगठन की मजबूती और एकता को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।
बैठक में विशेष रूप से जिला अध्यक्ष चौधरी हरवीर सिंह, तहसील अध्यक्ष अरविंद जी, सतपाल चौधरी, नसीर उर्फ राहिल डीलर, दिलशाद सुयेल, शिव कुमार, नौशाद, शमशाद, अर्पित चौधरी, सुनील चौधरी, तरुण ठाकुर, पुष्पेंद्र, महबूब, अजय सौराज सहित क्षेत्र के दर्जनों डीलर शामिल हुए। सभी ने मिलकर संगठन के उद्देश्यों पर विचार-विमर्श किया तथा डीलरों की समस्याओं को सुलझाने हेतु सुझाव दिए।
अपने संबोधन में पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि डीलर संगठन समाज में आवश्यक सेवाएँ प्रदान करता है। राशन वितरण व्यवस्था में डीलरों की भूमिका अहम है, ऐसे में संगठन का उद्देश्य डीलरों के हितों की रक्षा करना और उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित कराना है। उन्होंने नए अध्यक्ष उमंग ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करना होगा।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष उमंग ठाकुर ने कहा कि वे संगठन को नई ऊर्जा देंगे और डीलरों की समस्याओं को गंभीरता से उठाएँगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह हर सदस्य के साथ मिलकर कार्य करेंगे और राशन वितरण में पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता ही डीलरों के हितों की रक्षा का सबसे बड़ा आधार है।
जिला अध्यक्ष चौधरी हरवीर सिंह ने कहा कि संगठन की ताकत उसके सदस्य हैं और सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने राशन वितरण में आ रही कठिनाइयों के समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। तहसील अध्यक्ष अरविंद जी ने भी डीलरों की समस्याओं पर ध्यान देने और प्रशासन से संवाद स्थापित कर उन्हें हल कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में डीलरों ने अपनी समस्याएँ साझा कीं जैसे – स्टॉक की आपूर्ति में दिक्कत, परिवहन खर्च में बढ़ोतरी, राशन वितरण में पारदर्शिता की आवश्यकता, एवं अन्य प्रशासनिक मुद्दे। सभी ने मिलकर तय किया कि संगठन प्रशासन से संवाद कर इन मुद्दों का समाधान करवाने में सहयोग करेगा।
समापन के समय सभी ने संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में उपस्थित सभी डीलरों ने नवनियुक्त अध्यक्ष उमंग ठाकुर को शुभकामनाएँ दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊँचाइयाँ छुएगा। बैठक का वातावरण बेहद सौहार्दपूर्ण और उत्साही रहा। क्षेत्र में इस बैठक की सफलता को लेकर डीलरों के बीच उत्साह देखा गया।